श्रावस्ती। आयुक्त देवी पाटन मंडल गोंडा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना की रोकथाम, बचाव व चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कोविड 19 के प्रसार को रोकने के लिए मास्क व सामाजिक दूरी को अनिवार्य बताते हुए संवेदनशील क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच कराने का निर्देश भी दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा एसवीएस रंगाराव ने कहा कि कोविड 19 को रोकने के लिए अधिक से अधिक लोगों की जांच कराई जाए। अति संवेदनशील क्षेत्रों, कंटेनमेंट जोन, मलिन बस्तियों तथा प्रतिदिन ट्रेवलिंग करने वाले ज्यादातर लोगों के नमूने एकत्र कर जांच कराएं। साथ ही कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जाए। आरोग्य सेतु व आयुष कवच एप को डाउनलोड करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने के साथ ही मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग कराया जाए। यदि लोगों की ओर से इसका उल्लंघन किया जाता है तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने ने पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह को निर्देश दिया कि कंटेनमेंट जोन में शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई के साथ अनुपालन कराएं। तथा वहां लोगों की आवाजाही रोकी जाए। ऐसे संक्रमित व्यक्ति जो होम आइसोलेशन में है उन पर निगरानी समितियां नजर रखें।
साथ ही मेडिकल टीम उनका फालोअप करें, यदि किसी भी प्रकार की समस्या है तो उसका अंकन पंजिका में किया जाए। ऐसे लोगों का तत्काल उपचार भी किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाय कि कंटेनमेंट जोनों में रहने वाले नागरिकों को आवश्यक वस्तुओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये। एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने बताया कि वर्तमान में कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत कुल 42 कंटेनमेंट जोन हैं। डोर-टू-डोर सर्वे में सर्विलांस टीम की ओर से सांस के मरीज, डायबिटीज व अन्य प्रकार के मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है। संयुक्त जिला चिकित्सालय में कोविड-19 टेस्ट के लिए स्थापित ट्रू-नेट मशीन के माध्यम से भी जांच की जा रही है।
कोविड-19 मरीजों को भर्ती के लिए हास्पिटल में लाने तथा स्वस्थ होने पर उनको घर तक पहुंचाने के लिए 09 एंबुलेंस संचालित हैं। कंटेनमेंट जोन व हॉटस्पॉट एरिया तथा अस्पतालों का निरंतर भ्रमण कर निर्धारित प्रोटोकाल के मुताबिक कार्यवाही हो रही है। अब तक 15579 सैंपल लिये गये हैं। जिले में 224 संक्रमित मामले पाये गये हैं। अब तक 136 लोग स्वस्थ हो चुके है जबकि एक्टिव केस की संख्या 85 है। जिसमें 26 मरीज अभी एल-1 हास्पिटल भंगहा में, 05 मरीज एल-2 हास्पिटल बहराइच, 01 मरीज एल-3 हास्पिटल लखनऊ तथा 53 मरीज होम आइसोलेशन में है। जबकि कि चार लोगों की मृत्यु हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवा को एल-2 हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।