श्रावस्ती। भगवानपुर भैसाही में कोटे की दुकान कोटेदार नहीं, बल्कि दूसरा व्यक्ति चला रहा है। वह कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहा है। विरोध करने पर पिटाई भी की। जमनुहा के ग्राम भगवानपुर भैंसाही निवासी पीड़ित सुमन देवी पत्नी ज्ञान प्रकाश सोनकर ने एसडीएम जमुनहा एसके राय को शिकायती पत्र देकर ये आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने शिकायती पत्र में कहा है कि उसके गांव का कोटा गायत्री देवी मौर्या के नाम पर है। इस कोटे को गांव निवासी नईम खान के पुत्र चला रहे हैं। मंगलवार को वह राशन लेने गई तो उसे निर्धारित मात्रा से कम राशन देने की बात कही गई। इसके विरोध पर नईम खान के पुत्रों ने न सिर्फ उसकी पिटाई की, बल्कि जातिसूचक गाली देते हुए भगा दिया। ऐसे में पीड़ि़ता ने एसडीएम सहित एसपी व अनुसूचित जाति महिला आयोग उत्तर प्रदेश को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज कराने व कोटेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने व कोटा निरस्त करने की मांग की है। इसका वीडियो भी बनाकर पीड़िता ने वायरल किया है। अमर उजाला वायरल वीडियो व घटना की पुष्टि नहीं करता है।