इकौना में समाधान दिवस पर फरियाद सुनते एएसपी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान भिनगा कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम यशु रुस्तगी ने की। जहां उन्होंने मौजूद राजस्व कर्मियों को ग्राम समाज की भूमि को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने फरियादियों से मोबाइल पर बात कर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता परखी। वहीं इकौना में एएसपी ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान डीएम ने कहा कि समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाये। समय सीमा के अंतर्गत उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए। जिससे फरियादियों को इधर उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच अब फरियादियों के मोबाइल पर बात कर की जायेगी। यदि निस्तारण फर्जी मिला तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में भिनगा नगर के मोहल्ला बंदरहा निवासी अफरोज पुत्री साकिर अली ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह बहुत ही गरीब हैं प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास बनाने के लिए पैसा मिला था। चचेरे भाई आवास नहीं बनाने दे रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए राजस्व और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच करने का निर्देश दिया।
गांधी कला निवासी भभूति ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि सचिव की ओर से प्रार्थी के पिता का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज करके नकल नहीं दी जा रही है। इस पर खंड विकास अधिकारी सिरसिया को तत्काल कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने कहा कि थाना दिवसों में प्राप्त सभी शिकायतों को पंजिका में दर्ज किया जाए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। वहीं इकौना थाने में आयोजित समाधान दिवस में एएसपी ने लोगों की फरियाद सुनकर कर संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्ता परक निपटारा कराने का निर्देश दिया।