जमुनहा तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते लेखपाल। - संवाद
तुलसीपुर। फतेहपुर जिले में लेखपाल की मौत से आक्रोशित राजस्व कर्मियों ने शुक्रवार को जमुनहा तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संजय कुमार राय को सौंपा।
ज्ञापन के जरिये तहसील अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने कहा कि काम के दबाव व अधिकारियों की ओर से वैवाहिक अवकाश न दिए जाने से आहत फतेहपुर में तैनात लेखपाल सुधीर कुमार ने आत्महत्या कर ली। लेखपालों ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एफआईआर में मुख्य आरोपी संजय कुमार सक्सेना का नाम शामिल करने, मृतक की माता को 50 लाख रुपये की सहायता देने की मांग की।
लेखपालों ने कहा कि एसआईआर की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, जिससे कर्मियों पर कम समय में काम पूरा करने का दबाव न रहे। इस मौके पर लेखपाल आशुतोष पांडेय, सुरेश खन्ना, अमरचंद, नितिन कुशवाहा, राहुल सिंह, रविंद्र पाठक व नरेश आदि मौजूद रहे।