भटपुरवा में लगी आग से जला फ्रिज।- संवाद
तुलसीपुर। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के भटपुरवा गांव में सोमवार रात शॉर्ट सर्किट से फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट हो गया। इसके बाद कमरे में आग फैल गई। हादसे में फ्रिज, सोफा समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्राम पंचायत अचरौरा के मजरा भटपुरवा निवासी मनीष वर्मा ने बताया कि दिवाली पर परिवार के साथ खुशियां मनाने के बाद सभी लोग बगल में बने दूसरे घर में खाना खा रहे थे। उसी दौरान कमरे में रखे फ्रिज के पास शॉर्ट सर्किट हुआ और कंप्रेसर में जोरदार धमाका हो गया।
विस्फोट के बाद कमरे में आग फैल गई, जिसकी चपेट में आकर फ्रिज, सोफा और अन्य कीमती सामान जल गया। मनीष ने तत्काल लाइनमैन को बुलाकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। उन्होंने घटना की सूचना लेखपाल को दे दी है।