श्रावस्ती। कोरोना वायरस को लेकर जिले में सब कुछ नार्मल बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में अब लोग होम क्वारंटीन से मुक्त हो रहे हैं। जिले में होम क्वारंटीन में रखे गए 7235 लोगों में 7034 लोगों को अपना सामान्य जीवन जीने को कहा गया है। ऐसे ही जिन 436 लोगों के सैंपल जांच के लिए लिया गया था। उनमें 393 की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। इसमें से 390 निगेटिव पाए गए हैं। वहीं 507 संस्थागत क्वारंटीन में रखे गए लोगों में से 306 लोगों को घर जाकर सामान्य जीवन जीने की सलाह दी गई है। इस रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग जिले में सब कुछ नियंत्रित होने का दावा कर रहा है।
कोरोना वायरस संक्रमण से जहां अभी कई जिलों में हालात नाजुक हैं। वहीं श्रावस्ती में स्वास्थ्य विभाग ने सब कुछ नार्मल होने का दावा किया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी ओर से एक रिपोर्ट जारी किया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक जिले में बनाए गए 17 चेक पोस्टों में से किए गए थर्मल स्कैनिंग के बाद कुल 436 लोगों को संदिग्ध मानते हुए उनका सैंपल लिया गया है। इसमें से 393 की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें से 390 अब तक जिले में निगेटिव पाए गए। केवल तीन मरीज ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिनका इलाज बहराइच में चल रहा है। अभी तक 43 लोगों की रिपोर्ट आना शेष है।
इसी प्रकार सुरक्षा के दृष्टिकोण से 7235 लोगों को होम क्वारंटीन व 507 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन में रखा गया था। इसमें से होम क्वारंटीन में रखे गए 7034 व संस्थागत क्वांरटीन में रखे गए 306 मरीज स्वस्थ होकर अपना सामान्य जीवन जीने लगे हैं। वहीं दो अन्य लोग भी जिले के लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। ऐसे में देखा जाए तो जिले में कोरोना की स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखें। बिना मास्क घर से बाहर न निकलें।
भारत नेपाल सीमा का एएसपी ने किया निरीक्षण
कोरोना के चलते भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के रास्तों को सीज कर दिया गया है। इन रास्तों पर एसएसबी व पुलिस के साथ स्वास्थ्य टीम कैंप किए हुए हैं। यहां कि सुरक्षा व्यवस्था को जांचने के लिए गुरुवार एएसपी बीसी दुबे ने सीमा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को किसी भी परिस्थिति में लोगों को सीमा पार से न आने देने की हिदायत दिया। इसके साथ ही आसपास से गुजरने वाले ग्रामीणों की वहां तैनात स्वास्थ्य टीम द्वारा थर्मल स्कैनिंग किए जाने को कहा है।
क्वारंटीन स्थल का लिया जायजा
ग्राम पंचायत स्तर पर बनाए गए क्वारंटीन स्थल में इस समय मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों से आए हुए मजदूरों को रखा गया है। जिन्हें खाने के साथ अन्य सुविधाएं वहीं पर दी जा रही है। इसी व्यवस्था का गुरुवार अपर पुलिस अधीक्षक ने जायजा लिया। सिरसिया के क्वारंटीन स्थल पर जाकर वहां रहने वाले लोगों को प्रेरित किया कि वह किसी भी स्थिति में क्वारंटीन स्थल छोड़ कर घर न जाएं। यह उन्हें दंड के लिए नहीं बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा के लिए कहा जा रहा है। यदि उन्हें किसी भी प्रकार का संक्रमण होगा तो वह उनके परिजनों के लिए भी घातक होगा। कोरोना एक लाइलाज बीमारी है। इससे केवल अहतियात से ही निपटा जा सकता है। इसलिए यदि आप अपने परिवार से स्नेह करते हैं तो किसी भी हालत में 14 दिन तक उनके संपर्क में न जाएं। इसी के साथ ही नासिरगंज, बदला व इकौना क्षेत्र के फल एवं सब्जी विक्रेताओं से स्वच्छता व रेट की जानकारी ली। इसके साथ ही सख्त हिदायत दिया कि यदि दुकान पर फल व सब्जी बिक्री के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकान खोलने की अनुमति भी वापस ली जाएगी।