इकौना (श्रावस्ती)। इकौना विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार रात लोगों की ओर से की गई मारपीट से नाराज विद्युत कर्मियों ने शनिवार को बैठक की। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ने की। इस दौरान कर्मियों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा। इसमें उपकेंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम करने व मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले आयोजित बैठक में कर्मियों ने गुरुवार रात हुई विद्युत कर्मचारी से मारपीट की निंदा की। इस दौरान जिलाध्यक्ष सहादत अली ने कहा कि जिले के उपकेंद्रों में सुरक्षा के मद्दे नजर कोई इंतजाम नहीं है। आए दिन लोग मारपीट करते रहते हैं। गुरुवार को किन्ही कारणवश आपूर्ति बाधित होने पर उपकेंद्र में लोगों ने मारपीट की। साथ ही सरकारी कागजों को फाड़ दिया गया।
अवर अभियंता की तहरीर पर इकौना पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। विद्युत कर्मी इस शिथिल कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोशित है। इस दौरान विद्युत कर्मियों ने अधिशासी अभियंता रमाशंकर मौर्य को एक ज्ञापन सौंपा।
इसमें विद्युत कर्मियों ने मारपीट करने वालों को जल्द गिरफ्तार करने, उपकेंद्रों पर रात में सुरक्षा व्यवस्था कराने, रात में ब्रेकडाउन होने पर कर्मचारियों को संसाधन एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की बात कही है। इस दौरान सत्य नारायण साहू, नानबाबू यादव सहित अन्य विद्युत कर्मी मौजूद रहे।