गिलौला के गोंडारी स्थित गौशाला में व्याप्त अव्यवस्था
- फोटो : SRAWASTI
गिलौला (श्रावस्ती)। जिले की गोशालाएं बदहाल हैं। रविवार को गोड़ारी की गोशाला में भूख से एक गाय की मौत हो गई। कई अन्य मवेशियों की हालत खराब है। ग्रामीणों की माने तो यहां मवेशियों की मौत हो रही है। यही हाल जिले की अन्य गोशालाओं का है। जहां न तो खाने के लिए चारा और न ही पीने के लिए पानी है। बारिश में इन गोशालाओं की स्थिति और भी खराब हो जाती है।
जिले की गोशालाओंकी स्थिति ठीक नहीं है। इनमें मवेशियों के लिए चारे और पानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इससे रविवार को गिलौला विकास खंड के गोड़ारी गांव में बनी गोशाला में एक गाय की मौत हो गई। बारिश के कारण गोशाला में कीचड़ जमा दिखा। वहीं आसपास कुछ और गाय मरणासन्न स्थिति में पाई गई। इन गायों को हफ्तों से चारा नहीं दिया गया है।
गोशाला के संचालन की जिम्मेदारी लेने वाले प्रधान रामकला के पति दर्शन लाल का कहना है कि जब गोशाला खुली थी, उस समय यहां पांच मजदूरों को रखा गया था। जिन्हें मजदूरी नहीं मिली, जिस कारण वह भाग गए। इसके साथ ही गोशाला में बंद जानवरों के लिए चारे की कोई व्यवस्था नहीं है। यह गोशाला करीब छह माह से संचालित है। अब तक मात्र दो लाख रुपये चारे के लिए आया है। जो कब का खत्म हो चुका है। यही स्थिति भिनगा स्थिति नगर पालिका की ओर से संचालित गोशाला की भी है।
लगभग पंद्रह दिन से गोशाला के चारों तरफ पानी भरा है। इससे गौशाला टापू में परिवर्तित हो गया है। आने जाने का कोई रास्ता नहीं है। आसपास रहने वाले लोगों का कहना हैे कि यह स्थिति करीब पंद्रह दिन से है। तभी से यहां कोई भी कर्मचारी नहीं देखा गया।
गोशाला से दुर्गंध भी आ रही है। जानवरों का क्या हाल है, पता नहीं। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि तत्काल गोशालाओं में चिकित्सक व कर्मियों को भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।