श्रावस्ती। कोविड 19 अस्पताल भंगहा का डीएम ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीएमओ व प्रभारी चिकित्साधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाए तथा समय समय पर वार्डों में राउंड भी करते रहें, जिससे मरीजों को कोई दिक्कत न होने पाए।
जिलाधिकारी टीके शिबु ने कोविड अस्पताल भंगहा का निरीक्षण किया। जहां डीएम ने निर्देश दिया कि अन्य जिलों से आने वालों की निगरानी समिति की ओर से कांटैक्ट ट्रेसिंग की जाए। जो भी लोग संक्रमित मिले उनके भी संपर्क में आए लोगों की तलाश कराई जाए।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि जिले में आरटीपीसीआर से 36925, एंटीजेन टेस्ट किट से 54099 तथा ट्रूनॉट मशीन से 927 लोगों की जांच कराई जा चुकी हैं। जिले में अब तक 1036 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। कोरोना पॉजिटिव रोगियों को कोविड 19 चिकित्सालय भंगहा में भर्ती कराकर उन्हें समय से नाश्ता, भोजन व दवाएं दी जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 397 तथा नगरीय क्षेत्रों में 37 निगरानी समितियां की ओर से घर घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। मौजूदा समय भगंहा में 14 मरीज भर्ती है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ कुमार हर्ष, एडीएम योगानंद पांडेय, एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीन मौजूद रहे।