श्रावस्ती। अध्यापकों की कमी झेल रहे जिले के बेसिक शिक्षा विभाग को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने वाली है। बीएसए कार्यालय में बुधवार को 48 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग शुरू हुई। पहले दिन 34 अभ्यर्थियों ने ही कार्यालय पहुंचा अपनी काउंसिलिंग कराई। अन्य 14 अभ्यर्थियों की गुरुवार को बीएसए कार्यालय में काउंसिलिंग होगी।
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से प्रदेश में रिक्त शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया बुधवार से प्रारंभ की गई है। पहले चरण में 31 हजार 277 सहायक अध्यापकों का चयन किया जाना है। इसमें जिले को 48 सहायक अध्यापक मिलेंगे। इसमें 12 महिला व 36 पुरुष सहायक शिक्षक होंगे। इसके लिए बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में काउंसिलिंग कराई गई।
पहले दिन 34 अभ्यर्थियों ने कार्यालय पहुंचकर अपनी काउंसिलिंग कराई। इसमें 31 पुरुष व तीन महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं। शेष पांच पुरुष व नौ महिला अभ्यर्थियों की आज काउंसिलिंग कराई जाएगी। सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली काउंसिलिंग बुधवार को दोपहर एक बजे के बाद प्रारंभ हो सकी। ऐसे में अभ्यर्थी काउंसिलिंग के लिए बीएसए कार्यालय के आसपास टहलते नजर आए।
काउंसिलिंग के लिए बनाए थे चार काउंटर
जिले में काउंसिलिंग के लिए चार काउंटर बनाए गए थे। इसमें काउंटर वार नोडल अधिकारी/ काउंटर प्रभारी, पर्यवेक्षण अधिकारी, सहयोगी अधिकारी व कर्मचारी तैनात किए गए थे। काउंटर नंबर एक पर नोडल अधिकारी/ काउंटर प्रभारी डायट प्रवक्ता ओम प्रकाश यादव, पर्यवेक्षण अधिकारी बीईओ गिलौला भरत भूषण, सहयोगी अधिकारी व कर्मचारी कनिष्ठ सहायक अनिरुद्ध कुमार शुक्ला व सपना सोनी को तैनात किया गया था। काउंटर नंबर दो पर नोडल अधिकारी/ काउंटर प्रभारी डायट प्रवक्ता अमित कुमार पाठक, पर्यवेक्षण अधिकारी बीईओ जमुनहा अखिलेश यादव, सहयोगी अधिकारी व कर्मचारी अतुल कुमार शुक्ला व रागिनी शर्मा को तैनात किया गया था।
काउंटर नंबर तीन पर नोडल अधिकारी/ काउंटर प्रभारी डायट प्रवक्ता गिरीश कुमार मिश्रा, पर्यवेक्षण अधिकारी बीईओ इकौना कृष्ण कुमार, सहयोगी अधिकारी व कर्मचारी विश्राम वर्मा व सुधीर कुमार मिश्रा को तैनात किया गया था। काउंटर नंबर चार पर नोडल अधिकारी/ काउंटर प्रभारी डायट प्रवक्ता जितेंद्र कुमार, पर्यवेक्षण अधिकारी जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अजीत कुमार उपाध्याय, सहयोगी अधिकारी व कर्मचारी सर्वेश कुमार श्रीवास्तव व हिमांशु श्रीवास्तव को तैनात किया गया था।
आवश्यकता 1900 शिक्षकों की मिले मात्र 48
जिले में कुल 889 प्राथमिक विद्यालय व 391 उच्च प्राथमिक विद्यालय सहित कुल 1280 परिषदीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। जिनमें करीब एक लाख तिरपन हजार छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। जिन्हें बेहतर शिक्षा देने के लिए शिक्षकों के 4500 पद सृजित किए गए हैं। जिसके सापेक्ष जिले में मात्र 2600 शिक्षकों की ही तैनाती है। ऐसे में जिले की शिक्षा व्यवस्था का सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए 1900 शिक्षकों की आवश्यकता है। बुधवार से शुरू हुई काउंसलिंग के लिए जिले को मात्र 48 सहायक शिक्षक ही मिलेंगे। ऐसे में शिक्षकों के 1852 पद रिक्त रहेंगे।