जमुनहा (श्रावस्ती)। तहसील में तैनात एक लेखपाल को गलत रिपोर्ट लगाने पर डीएम ने निलंबित कर दिया था। इससे नाराज साथी लेखपालों ने मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने लेखपाल के निलंबन को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जमुनहा तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष धर्मेश दत्त गुप्ता ने कहा कि जमुनहा के ग्राम धोबिहा निवासी राम बहादुर पुत्र अवध राम की हथबरारी को राजस्व टीम ने पैमाइश कर कब्जा दिलाया था। इसके बाद पत्रावली को तहसील कार्यालय में जमा कर दिया था।
बाद में दबंगों ने पैमाइश की गई जमीन को फिर से जोत लिया। विगत दिनों आयोजित समाधान दिवस में डीएम ओपी आर्य ने निस्तारित की गई पत्रावली के देखते हुए शिकायत निपटारे की हकीकत पीड़ित को फोन कर जानी। इस पर राजस्व टीम के न आने की बात राम बहादुर ने डीएम को बताई।
इस पर डीएम ने लेखपाल धीरेंद्र पाठक को निलंबित कर दिया। ऐसे में लेखपाल संघ इस निलंबन की कार्यवाही को दुर्भाग्य पूर्ण मानता है। यदि साथी लेखपाल का निलंबन वापस नहीं लिया गया तो संघ उग्र प्रदर्शन को बाध्य होगा। इस मौके पर जगत राम शुक्ला, शरीफ राम फल यादव सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।