श्रावस्ती। जिले में कोरोना का ग्राफ कभी घट तो कभी बढ़ रहा है। इसे रोकने के लिए जो भी कदम उठाना पड़े, उठाया जाए। कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन करने के लिए लोगों को और जागरूक करें। फिर भी यदि लोग उसका अनुपालन न करें तो उन पर सख्ती की जाए।
ये बातें कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कोविड-19 रोकथाम के लिए अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी टीके शिबु ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना का फैलाव रोकने के लिए जन सहयोग जरूरी है। इसके बिना इस पर विजय नहीं पाई जा सकती है। उन्होंने निर्देश दिया कि कान्ट्रैक्ट ट्रेसिंग प्रभावी ढंग से की जाए। इस दौरान मरीज की बैकग्राउंड हिस्ट्री व भ्रमण विवरण की जानकारी भी ली जाए कि वह कहां-कहां गया, किसके संपर्क में रहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाए। एल-1 अस्पताल भंगहा में मरीजों को गुणवत्तायुक्त भोजन व नाश्ता मुहैया कराने सहित अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी जाए। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण कराने के साथ ही मरीजों से फीडबैक भी लिया जाये।
उन्होंने सीएमओ डॉ. एपी भार्गव को निर्देश दिया कि निगरानी समिति डोर-टू-डोर सर्वे करे। इस दौरान जिन घरों में किसी में कोविड के लक्षण खांसी, बुखार से ग्रसित मिले तो उसका कोविड टेस्ट जरूर कराया जाए। डीपीआरओ किरन को निर्देश दिया कि निगरानी समितियों द्वारा प्रतिदिन किए जाने वाले हाउस-टू-हाउस सर्वे का रैंडम तौर पर वेरिफिकेशन किया जाए। वेरीफिकेशन के दौरान यदि यह शिकायत मिले कि उनके घर निगरानी समिति की टीम नहीं आई है तो संबंधित टीमों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाए।
डीएम ने अस्पताल में दवाओं, मास्क, सैनिटाइजर व एंटीजेन किट की उपलब्धता की भी समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, एडीएम योगानंद पांडे, डॉ. मुकेश मातेनहलिया, डॉ. एमएल वर्मा, डॉ. उदयनाथ व डॉ. संत कुमार मौजूद रहे।