साईंपुरवा गांव में सरकारी भूमि पर बना टीनशेड।
तुलसीपुर। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र की ग्राम पंचायत उल्लहवा के मजरा साईंपुरवा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में छह नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कब्जाई गई जमीन को तहसील प्रशासन ने अन्नपूर्णा भवन और स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के लिए चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था।
जमुनहा तहसील के साईंपुरवा स्थित गाटा संख्या 138 राजस्व अभिलेखों में नवीन परती भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि योजना की जानकारी मिलने पर गांव के जैनल, चिल्लहे, रफीक, हरीराम, फेरन, मोलहे और कुछ अज्ञात लोगों ने रातों-रात टिन शेड रखकर जमीन पर कब्जा कर लिया।
सूचना मिलने पर राजस्व टीम ने सभी को मौखिक रूप से कब्जा हटाने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। दोबारा चेतावनी देने पर भी आरोपियों ने भूमि खाली करने से इन्कार कर दिया। लेखपाल अभिषेक जायसवाल ने बताया कि आरोपियों ने सर्वेक्षण भी नहीं होने दिया और राजस्व टीम के साथ अभद्रता की।
इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर हरदत्तनगर गिरंट थाने में लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा, अवैध कब्जा समेत अन्य संबंधित धाराओं में छह नामजद और पांच अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराया गया।