सिरसिया थाने में शांति समिति की बैठक करते सीओ।
- फोटो : SRAWASTI
सिरसिया (श्रावस्ती)। नागरिक संशोधन कानून को लेकर कोई भ्रम न पालें। न ही किसी के बहकावे में आकर कोई अफवाह ही फैलाएं, ताकि जिले में अमन चैन बना रहे। अफवाह फैलाने व उपद्रव करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
यह बातें गुरुवार को सिरसिया थाने में इमाम व मौलानाओं सहित अन्य लोगों के साथ बैठक में उप जिलाधिकारी भिनगा चंद्रमोहन गर्ग ने कहीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर डॉ. जंगबहादुर यादव ने कहा कि हमारे देश में लाखों की संख्या में घुसपैठिए आकर भारतीय नागरिकों को प्राप्त होने वाली सुविधाओं पर अतिक्रमण कर रहे हैं।
इन्हें चिह्नित कर कार्रवाई करने व अपने नागरिकों को सुरक्षा देने के लिए यह कानून सरकार की ओर से पारित किया गया है। इससे भारत के नागरिकों को लाभ मिलेगा। इसके बाद भी कुछ असामाजिक तत्व राष्ट्र विरोधी तत्वों के साथ मिलकर लोगों को बहकाकर हिंसा फैलाना चाहते हैं। इससे जिले का भी अमन चैन बिगड़ सकता है।
जिम्मेदार व्यक्ति व धर्मगुरु होने के कारण आप लोगों की जिम्मेदारी है कि आप लोगों को सचेत करें। जो लोगों को बरगला कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करें उन्हें पहचान कर पुलिस को सूचना दें। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक सिरसिया विनोद कुमार काफी संख्या में मदरसा संचालक, प्रबंधक, मौलाना व मसजिदों के इमाम मौजूद रहे।