भिनगा कोतवाली में दंगा नियंत्रण का डिमास्ट्रेशन व शस्त्रों की जांच करते पुलिस कर्मी
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। इस बार रंगों का महापर्व होली व शब-ए-बारात का पर्व एक ही दिन पड़ रहा है। इसके साथ ही आगामी दिनों त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव भी कराया जाना है। ऐसे में अमनचैन बना रहे इसके लिए थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों को दंगाइयों व बलवाइयों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एएसपी ने भिनगा कोतवाली पहुंच कर शस्त्र एवं दंगा निरोधक उपकरणों का प्रशिक्षण देने के साथ ही उसका डिमांस्ट्रेशन भी कराया।
भिनगा कोतवाली में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य के निर्देश पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने पुलिस कर्मियों को बताया कि आगामी त्यौहार व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल व भय मुक्त तथा सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। त्योहार व चुनाव के दौरान यदि किसी ने अमन चैन बिगाड़ने का प्रयास किया तो पुलिस उनके साथ सख्ती से पेश आएगी। साथ ही दंगा व बलवा करने वालों के विरुद्ध गुंडा व गैगेस्टर सहित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि चुनाव व त्योहार को शांति एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराना हमारी जिम्मेदारी है। ऐसे में आप सभी को अस्त्र शस्त्र संचालन, उनके रखरखाव के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। इस दौरान एएसपी ने अपनी मौजूदगी में यहां तैनात महिला व पुरुष आरक्षियों को शस्त्र एवं दंगा निरोधक उपकरणों का प्रशिक्षण दिलाया। साथ ही इन उपकरणों का डिमांस्ट्रेशन भी कराया गया। ताकि आपात स्थिति में दंगाइयों व बलवाइयों के साथ सख्ती से निपटा जा सके। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश द्विवेदी सहित सभी उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षी व आरक्षी मौजूद रहे।