श्रावस्ती। जिला पुलिस ने सोमवार को बैंकों की सुरक्षा जांची। इस दौरान मौजूूद लोगों को आवश्यक टिप्स दिए। साथ ही अनावश्यक रूप से बैंक के आसपास जमावड़ा लगाने वालों को जेल भेजने की चेतावनी भी दी।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने नियमित रूप से बैंकों व अन्य सार्वजनिक स्थलों की जांच कर अनाधिकृत व संदिग्ध लोगों पर ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसी के क्रम में सोमवार अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में भिनगा कोतवाली पुलिस द्वारा नगर सहित क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा जांची गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद के नेतृत्व में सिरसिया पुलिस व क्षेत्राधिकारी इकौना डॉ. एमपी शर्मा के नेतृत्व में गिलौला पुलिस ने बैंकों की जांच की।
वहीं इकौना, मल्हीपुर व सोनवा पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों सहित वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बैंक में उपस्थित लोगों से बैंक आने का कारण पूछा। साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं बैंकों में मौजूद लोगों को कोविड-19 के नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई।