चेकपोस्टों पर पुलिस व स्वास्थ्यकर्मी बरतें सतर्कता
पुलिस अधिकारियों ने लॉकडाउन का लिया जायजा, दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो - 12
श्रावस्ती। गैर प्रांत व महानगरों से श्रमिकों का दल लगातार जिले में आ रहा हैं। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा हो सकता है। ऐसे में सीमा क्षेत्र में बने चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस व स्वास्थ्य कर्मी सतर्कता बरतें। उनकी लापरवाही घातक साबित हो सकती है। इसलिए कोई चूक न होने दें।
यह बातें मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सीमा पर बने चेकपोस्टों पर तैनात कर्मचारियों से कहीं। लॉकडाउन का जायजा लेने पहुंचे एएसपी ने बैरियर व चेक पोस्ट पर तैनात कर्मियों को नियमों का कड़ाई से पालन करने, मास्क व ग्लब्स पहनने तथा सामाजिक दूरी के नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद व सीओ इकौना तारकेश्वर पांडेय ने भी अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण कर लॉकडाउन की स्थित का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केन्द्र, गैस एजेंसी, बैरियर व चेकपोस्ट आदि की जांच की। जहां तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया। इसके साथ ही अनावश्यक रुप से घूमने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। थाना व चौकी प्रभारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लॉकडाउन का जायजा लिया। लोगों को शासन व प्रशासन की ओर से बताए गए नियमों का पालन करने, मास्क व ग्लब्स पहनने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा सामाजिक दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया।