श्रावस्ती। नगर की विद्युत आपूर्ति रविवार सुबह सात बजे से ही बाधित रही। तार बदलने के लिए काटी गई बिजली शाम साढ़े पांच बजे ही बहाल हो पाई। इसके चलते नगरीय क्षेत्र में रहने वाले लोग दिनभर भीषण गर्मी से परेशान रहे। वहीं स्थानीय लोगों ने दिन में थोड़े थोड़े समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित करने की मांग की।
तराई में बदलते मौसम के साथ इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके चलते लोगों को उमस से राहत के लिए विद्युत उपकरणों का ही सहारा है। लेकिन रविवार को नगर में सुबह सात बजे से ही पुराने तार बदल कर नया डालने के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी गई।
इसके चलते सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक लोग बिना बिजली के रहे। इससे नगर में जहां बिजली से चलने वाले उद्योग प्रभावित रहे। वहीं लोगों को गर्मी से भी जूझना पड़ा। इस बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर की बिजली आपूर्ति कई फीडरों के बीच बटी है। ऐसे में दिन में कई बार विद्युत कटौती कर तार बदला जा सकता है। इससे लोगों को कम समस्या होगी। वहीं इस संबंध में अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन रमाशंकर मौर्य ने बताया कि नगर में पुराने जर्जर तारों को बदलने का कार्य कराया जा रहे हैं। इसके लिए विद्युत कटौती की जानकारी उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी गई थी।