सिरसिया के गुलरा स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लगी भीड़।
- फोटो : सिरसिया के गुलरा स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर लगी भीड़।
श्रावस्ती/तुलसीपुर/गिलौला। तराई में डीजल-पेट्रोल व गैस सिलिंडर की मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। पेट्रोल पंपों पर जहां सुबह से लेकर रात तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, वहीं गैस एजेसियों पर भी भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। एजेंसियों पर रात से लोग सिलिंडर के लिए कतार लगा रहे हैं। सहालग के चलते ये समस्या और विकट हो गई है।
डीजल-पेट्रोल के लिए बुधवार को सिरसिया के गुलरा स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। इस दौरान लोगों को डीजल व पेट्रोल के लिए पंप कर्मियों से नोकझोंक करते भी देखा गया। हरिहरपुर रानी स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों ने संचालक पर पेट्रोल-डीजल होने के बाद भी तेल न देने का आरोप लगाया। कतारबद्ध खड़े भंगहा निवासी हर्षित मिश्रा, नीरज, सलमान आदि ने बताया कि पंप पर रात के समय में पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी की जाती है।
कोई पांच तो कोई 10 दिन से लगा रहा दौड़
पेट्रोल-डीजल के साथ ही लोगों को गैस सिलिंडर के लिए भी भटकना पड़ रहा है। गिलौला विकासखंड के तुलसीपुर स्थिति अजय भारत गैस एजेंसी पर कड़ी धूप में उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतार देखने को मिली। एजेंसी मालिक अजय वर्मा ने बताया कि 1700 ऑनलाइन बुकिंग हैं, जिसमें शनिवार को 174, मंगलवार को 216 सिलेंडर आए हैं, जिन्हें वितरित कर दिया गया है। गिलौला स्थित भारत गैस एजेंसी पर भी भारी भीड़ दिखी। यहां लाइन में लगे मोहम्मदापुर निवासी हंसराज ने आरोप लगाया कि वो पांच दिन से सिलिंडर के लिए आ रहे हैं, लेकिन मिल नहीं रहा है। गुटुहरू निवासी जितेंद्र पाठक ने आरोप लगाया कि आठ तारीख को बुकिंग करवाई थी और 10 तारीख से एजेंसी आ रहे हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं दिया गया है।
जिले में पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल व गैस सिलिंडर मौजूद है। बीते साल की अपेक्षा इस बार तेल व सिलिंडर की आपूर्ति अधिक हुई है। लोग अफवाहों के चलते एजेंसियों व पंपों पर भीड़ लगा रहे हैं। सभी से अपील है कि आवश्यकता के अनुसार ही तेल व सिलिंडर लें।
दीपक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी