श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों, किसान यूनियन व पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने किसानों को खतौनी दिखाने पर तत्काल डीजल देने का निर्देश दिया है। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि जिले में डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं है। बीते साल 2025 की अपेक्षा इस बार अप्रैल महीने में पेट्रोल की 18 प्रतिशत व डीजल 10 प्रतिशत अधिक आपूर्ति की गई है। ऐसे में आवश्यकता के अनुसार ही डीजल-पेट्रोल लें। किसानों से अपील है कि वो अपनी खतौनी को लेखपाल से सत्यापित करवा लें कि कितनी भूमि पर गन्ना, मूंग, उरद, सब्जी या मक्का की फसल बोई है। खतौनी की सत्यापित कॉपी लेकर पंप जाएं। उन्हें डीजल दिया जाएगा। डीएसओ दीपक कुमार वार्ष्णेय ने बताया है कि बाइक सवारों को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। उनका चालान भी किया जाएगा।