लंबित आश्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु, औद्योगिक-व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ने की। समीक्षा के दौरान रोजगार स्थापना के लिए प्रार्थना पत्रों के लंबित मिलने पर नाराजगी जताते हुए उनके शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु, औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में रोजगार स्थापना की अपार संभावनाएं हैं। यहां मौजूद संसाधन का उपयोग कर कई छोटे-बड़े उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वह रोजगार स्थापना के लिए मिलने वाले आवेदन पत्रों की समय से औपचारिकताएं पूरी कर आवेदकों को ऋण मुहैया कराएं। जिससे उद्योग स्थापित कर वह स्वावलंबी बन सके।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 31, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 34 व ओडीओपी में 12 आवेदन पत्रों पर ऋण प्रदान किया। साथ ही स्वीकृत ऋण आवेदन पत्रों पर तीव्र गति से ऋण वितरण कराने के लिए सीडीओ ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश भी दिया। बैठक में सचिव मंडी परिषद बहराइच के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उपस्थिति के संबंध में पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी पर मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में कम प्रगति होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नराजगी जताते हुए तीव्र गति से प्रगति करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग जेएन यादव, सहायक आयुक्त उद्योग अरविंद कुमार भास्कर, सहायक प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार मौर्य व रामशंकर गुप्ता आदि मौजूद रहे।