श्रावस्ती। जिलेभर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन में एसपी राहुल भाटी ने पुलिस कर्मियों को शपथ दिलाई और दोनों महापुरुषों के जीवन व योगदान पर प्रकाश डाला। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने की।
सद्भावना संस्था के अध्यक्ष योगेंद्र मणि त्रिपाठी ने डीएम को खादी की टोपी पहनाकर चरखा भेंट किया। डीएम ने अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद गांधी जयंती के अवसर पर क्रॉस कंट्री दौड़ कराई गई। पुरुष वर्ग में बॉबी राना प्रथम, हर्षित राना द्वितीय, प्रवेश तृतीय, किशनलाल चतुर्थ, रंजीत पंचम और भूषण छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में नैना द्विवेदी ने पहला, हसीबुन निशा ने दूसरा, सानिया बानो ने तीसरा, संजना ने चौथा, कोमल ने पांचवां और निर्मला ने छठा स्थान हासिल किया।
डीएम ने सभी विजेताओं को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज व देशहित में कार्य करना चाहिए। उनके बताए रास्ते पर चलकर नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं। कार्यक्रम में शासकीय अधिवक्ता दिनेश कुमार तिवारी, एसडीएम प्रवीण यादव, निशांत उपाध्याय और श्रेया समेत अन्य मौजूद रहे।
एसपी ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ
क्वार्टर गार्ड और एसपी कार्यालय में एसपी राहुल भाटी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को धूम्रपान व मादक पदार्थों से दूर रहने, आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने तथा देश की एकता और अखंडता मजबूत करने की शपथ दिलाई। एसपी ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री ने सादगी, अनुशासन और दृढ़ नेतृत्व की मिसाल कायम की। कार्यक्रम में एसपी ने 85 ग्राम प्रहरियों को साइकिल भी वितरित की।
जयंती पर गांधी-शास्त्री को नमन करतीं डीएम व पुलिस अधिकारी।