श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में डीएम व पुलिस कार्यालय में एसपी ने शुक्रवार को जनता दर्शन के दौरान पीड़ितों की फरियाद सुनी। इस दौरान जहां डीएम के पास 16 शिकायतें आईं, वहीं एसपी के पास 14 शिकायतें आईं। प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए अधिकारियों ने संबंधितों को निर्देशित किया।
कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उनके पास 16 पीड़ित फरियाद लेकर पहुंचे। इन शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट प्रेषित करने के लिए डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का धरातल पर निस्तारण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जन शिकायतों के निस्तारण में समय का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही। वहीं पुलिस कार्यालय में एसपी घनश्याम चौरसिया के पास 14 फरियादी पहुंचे। इनमें सात भूमि विवाद, तीन पारिवारिक विवाद व चार अन्य से संबंधित थे। प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए उन्होंने संबंधितों को आदेशित किया।