श्रावस्ती। तहसील क्षेत्र जमुनहा में सोमवार को बड़ी मात्रा में पैरासिटामॉल सिरप व परमैथरिन क्रीम राप्ती योजक नहर के किनारे टिकुइया गांव के पास पड़ी मिली। हालांकि ये सरकारी दवाएं जनवरी में ही एक्सपायर हो चुकी हैं।
कानीबोझी क्षेत्र के कुछ राहगीर सोमवार को टिकुइयां गांव की ओर से गुजर रहे थे। उसी दौरान गांव के पास राप्ती योजक नहर की पटरी के किनारे परमैथरिन क्रीम की सैकड़ों ट्यूब व पैरासिटामॉल सिरप की सैकड़ों बंद शीशियां पड़ी मिलीं।
ग्रामीणों ने जब शीशी व ट्यूब उठाकर देखी, तो सबकी एक्सपायरी तिथि जनवरी की मिली। दवाओं को डिब्बे में भरकर फेंका गया था। दवाओं के साथ पैकिंग करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि के हस्ताक्षर युक्त परची भी मिली।
लोगों में चर्चा है कि मुनाफाखोरी के चक्कर में सरकारी दवाओं का वितरण न करके मरीजों को बाहर की दवाएं लिखी गईं। एक्सपायर होने के बाद दवाएं फेंक दी गईं।
टीम बनाकर कराई जाएगी जांच
भारी मात्रा में दवाएं पड़ी मिलने के संबंध में जानकारी नहीं है। टीम बनाकर मामले की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रवींद्र कुमार सोनकर, सीएचसी अधीक्षक