जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल पवन कुमार।
- फोटो : जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल पवन कुमार।
श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटना खरगौरा के मजरा पटना निवासी पंचायत सहायक पवन कुमार (35) पर रविवार को गांव निवासी कुछ दबंगों ने भूसे के मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर व शरीर पर हुए कई वार से पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती करवाया गया है।
पंचायत सहायक पवन ने बताया कि रविवार को उनका गेहूं कटा था और उन्होंने अवशेष से पशुओं के लिए भूसा बनवाया था। रात में ट्रैक्टर-ट्राॅली पर भूसा लादकर घर लाए थे और उसे घर के सामने गिरवा रहे थे। इस दौरान पड़ोसी दुष्यंत व उनके बेटे लड्डू ने भूसे की धूल उनके घर में जाने की बात कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि पवन ने जब गाली देने से मना किया तो पिता-पुत्र ने कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बचाव में दौड़े उनके भतीजे अभय राज, आकाश व पप्पू को भी मारने दौड़े। परिजनों ने उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया। प्रभारी कोतवाल उपनिरीक्षक रामभवन प्रजापति ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली थी। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।