श्रावस्ती। कुछ प्राथमिक विद्यालयों में अनुरक्षण का कार्य पैक्स फेड को दिया गया था। इसके निरीक्षण में सीडीओ को कार्य की गुणवत्ता असंतोष जनक मिली। इस पर सीडीओ ने कार्य की गुणवत्ता सुधारने के साथ जांच में मिली खामियों पर स्पष्टीकरण मांगा है। सीडीओ ने उच्च प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर चोरवाभारी के साथ कई अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
सीडीओ अवनीश राय ने उच्च प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर चोरवाभारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पैक्स फेड की ओर से स्कूल में कराए गए पेंटिंग कार्य व उसकी लिखावट में कमी पाई गई। लिखावट की मात्रा कई जगह गलत थी। इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने कार्रदायी संस्था से तत्काल फिर से गुणवत्ता पूर्ण पेंटिंग कराने का निर्देश दिया।
वहीं इसी परिसर में बना आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला। इस पर ग्रामीणों ने बताया कि वह कभी खुलता ही नहीं। इस पर सीडीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय अग्रिम आदेशों तक रोकने व स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के सामने लगा हैंडपंप जमीन में दबा मिला।
इस पर अधिशासी अभियंता जल निगम से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। वहीं प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरी चकपिहानी में भी जांच के दौरान पेंटिंग कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। यहां भी कार्य में कई कमियां मिली। स्कूल की बाउंड्रीवाल टूटी मिली। इस पर ग्राम पंचायत से उसे ठीक कराने को कहा गया।