श्रावस्ती। जिले में स्थापित 37 में से 19 धान क्रय केंद्रों पर अब तक खरीद प्रारंभ नहीं हुई है, जबकि इसकी प्रक्रिया एक सप्ताह पूर्व प्रारंभ हो चुकी है। समीक्षा के दौरान इसका खुलासा होने के बाद डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। इसके साथ ही सभी एसडीएम व खरीद से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान की खरीद में बिचौलियों का हस्तक्षेप न होने पाए। इसकी शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी धान क्रय केंद्रों के प्रभारियों को अपने क्रय केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखकर किसानों का शत प्रतिशत धान खरीदने का निर्देश दिया। जिससे किसानों को कोई परेशानी न होने पाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी टीके शिबु ने धान खरीद से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पता चला कि पीसीएफ के 29 केंद्रों में से अब तक 15 केंद्रों पर धान की खरीद प्रारंभ हों सकी है। वहीं खाद्य एवं रसद विभाग के पांच में से दो, एफसीआई के एक केंद्र पर धान की खरीद की जा रही है। जबकि एनसीसीएफ की ओर से स्थापित दो क्रय केंद्रों पर धान खरीद अब तक प्रारंभ नहीं हुई। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारी को खरीद प्रारंभ कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने धान क्रय की पारदर्शिता बनाये रखने की बात भी कही।
डीएम ने बताया कि जिले के 37 धान क्रय केंद्रों पर 15 अक्टूबर से 28 फरवरी तक धान की खरीद की जाएगी। किसान खाद्य विपणन विभाग के पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर अपनी उपज बेच सकते हैं। इस वर्ष ओटीपी आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए किसान पंजीकरण के समय अपना वर्तमान मोबाइल नंबर ही अंकित करें। जिससे एसएमएस द्वारा प्रेषित ओटीपी को भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया को पूर्ण किया जा सके। 100 क्विंटल से अधिक धान बिक्री के लिए संबंधित तहसील के एसडीएम से ऑनलाइन सत्यापन कराया जाएगा।
गेहूं विक्रय के लिए अपना पंजीकरण करा चुके किसानों को पुन: पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। पंजीकरण प्रपत्र को संशोधन करा कर उसे लाक कराना होगा। धान के मूल्य का भुगतान संबंधित किसानों के खाते में 72 घंटे के अंदर किया जाएगा। महिला कृषकों को धान विक्रय में सरकारी क्रय केंद्रों पर वरीयता दी जाएगी। महिला कृषकों के आने पर उन्हें टोकन नहीं लेना होगा एवं प्राथमिक आधार पर उनका धान क्रय किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडे, सहायक निबंधक सहकारिता राजकुमार शुक्ला, एमओ कमलेश, एनसीसीएफ के प्रभारी बीबी सिंह, पीसीएफ के प्रतिनिधि नवीन सिंह व एफसीआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
असुविधा होने पर कंट्रोल रूम पर सूचना दें किसान
धान बेचने जाने वाले किसानों को यदि किसी तरह की असुविधा हो तो किसान कंट्रोल रूम नंबर 7839565043 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही किसान चाहे तो जिला खाद्य वितरण अधिकारियों के मोबाइल नंबर 9151598860 एवं 7880358701 या फिर संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। धान क्रय केंद्रों पर लगे बैनरों पर यह सभी संपर्क नंबर दर्ज कराए गए है।