श्रावस्ती। भाजपा इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर गंभीर है। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार देर शाम पार्टी कार्यालय भिनगा में समीक्षा बैठक हुई। जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रावस्ती विधायक व पूर्व सांसद मौजूद रहे।
भाजपा जिला कार्यालय भिनगा में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के रूप अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र मौजूद रहे। इसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायत चुनाव भारतीय चुनाव प्रक्रिया की बहुत ही महत्वपूर्ण कड़ी है। आगामी पंचायत चुनाव आम जनता व पार्टी की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
वर्तमान में केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार है। सरकार के कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं से जन जन को सीधा लाभ मिला है। ग्राम स्तर पर लोगों में भाजपा की लोकप्रियता पहले से और बढ़ी है। सभी गांव में अधिकांश लोग भाजपा से जुड़ना चाहते है। इन त्रिस्तरीय चुनाव में आप सभी को गांव गांव में कोरोना प्रोटोकाल का विशेष ध्यान रखते हुए जाना है।
लोगों को भाजपा की योजनाओं व कार्यों के बारे बताना है कि कैसे लोग सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो। प्रत्येक गांव में जाकर स्वच्छ, साफ छवि व पढे़ लिखे कार्यकर्ताओं या जो चुनाव लड़ने वाले इच्छुक व्यक्ति है उनकी सूची बनानी है। ऐसे व्यक्ति जिनकी नजर में जाति, धर्म, संप्रदाय से बढ़कर गांव का विकास मुख्य हो, ऐसे व्यक्तियों को हमको समाज से निकाल कर लाना है।
कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष संजय कैराती पटेल, श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय व पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अभियान प्रभारी शंकर दयाल पांडेय, सह प्रभारी रणबीर सिंह, जिला महामंत्री दिवाकर शुक्ला, संजू तिवारी सहित सभी जिला व क्षेत्र पंचायत के संयोजक मौजूद रहे।