श्रावस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला व ब्लॉक इकाई की आपात बैठक मंगलवार शाम प्राथमिक विद्यालय भिनगा प्रथम में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला संरक्षक ने की। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में देवीपाटन मंडल के मांडलिक मंत्री मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय भिनगा प्रथम में आयोजित बैठक के दौरान देवीपाटन मंडल के मांडलिक मंत्री मंगलदेव मिश्र ने कहा कि आकांक्षी जिलों से शिक्षकों का स्थानांतरण न किया जाना सरकार की हठधर्मिता का परिचायक है। जल्द ही सभी आकांक्षी जिलों के जिलास्तरीय पदाधिकारियों व मांडलिक मंत्रियों की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष सुशील पांडे की अध्यक्षता में होगी। जिसमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी। संगठन इस मांग को लेकर सड़क से न्यायालय तक लड़ाई लड़ने के लिये कटिबद्ध है। जिला संरक्षक गुरु नारायण पाठक ने कहा कि जो भी शिक्षक मूल कार्य को छोड़कर ऑफिस के कार्य मे संलग्न है। ऐसे शिक्षकों की सूची बनाकर जिला अधिकारी महोदय को सौंपी जाएगी।
जिलाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्र ने कहा कि जिन शिक्षकों पर विगत एक वर्ष व उससे अधिक समय से विभागीय कार्यवाही गतिमान है। ऐसे शिक्षकों की ब्लॉक इकाई सूची तैयार करें। जिससे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर इस समस्या से निदान दिलाया जा सके। जिले में कुछ शिक्षक एआरपी के पद पर लिपिकीय कार्य करने के उद्देश्य से आये हैं। ऐसे एआरपी यदि अपना रवैय्या नहीं बदलते तो संगठन संवैधानिक दायरे में रहकर उनको मूल पद पर भेजने के लिए कटिबद्ध होगा। इस दौरान जिला मंत्री रमेश पांडे, संदीप कुमार मिश्र, रणविजय मिश्र, हरिश्चंद्र शुक्ल, आशुतोष कुमार, धनंजय यादव सहित अन्य शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।