श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप अभी जारी है। बुधवार को आई रिपोर्ट में चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं चार व्यक्ति कोरोना से स्वस्थ भी हुए हैं। जिन्हें ऐहतियात बरतने का निर्देश देते हुए घर भेजा गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को आई रिपोर्ट में भिनगा नगर के मोहल्ला टंड़वा व मंगलभट्ठा निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। इसके साथ ही हरिहरपुररानी के चहलवा व दरगहवा शिवपुरा बलरामपुर निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां आसपास रह रहे लोगों को ऐहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। वहीं सिरसिया के सोनबरसा व गुलरा बनकटवा, इकौना के रानीपुर व जमुनहा के भेला गांव निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमण से स्वस्थ भी हुआ।
जिले में अब तक 199121 लोगों का कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 198056 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। जिनमें से 1311 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में अब तक 18 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले में मौजूदा समय कुल 26 एक्टिव केस हैं। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 205 पहुंच चुकी है। इनमें से भिनगा में दो कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए बिना मास्क घर से बाहर न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें।