सीमा पर संयुक्त गश्त करते पुलिस व एसएसबी के जवान
श्रावस्ती। सीमा पार नेपाल से होने वाली तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्थानीय पुलिस एसएसबी जवानों के साथ ऑपरेशन कवच चला रही है। इसके तहत मंगलवार को एसएसबी के नेतृत्व में जवानों ने सीमा पर संयुक्त गश्त किया। ग्रामीणों से मिलकर उन्हें सुरक्षा में जवानों का सहयोग देने की अपील भी की।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में मल्हीपुर व सिरसिया पुलिस ने सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों के साथ पैदल गश्त की। ऑपरेशन कवच के तहत गश्त के दौरान जवानों ने सीमा से सटे गांवों के लोगों से मादक पदार्थों व मानव तस्करी रोकने के लिए स्थानीय पुलिस व एसएसबी जवानों का सहयोग करने, सीमा पार होने वाली गतिविधियों की जानकारी देने, संदिग्धों पर नजर रखने व उनकी गतिविधियों से पुलिस व एसएसबी जवानों को अवगत कराने की अपील की। इस दौरान टीम ने सीमा स्तंभों की जांच करने के साथ सीमा पार आने-जाने वाले लोगों व वाहनों की जांच भी की। इस दौरान जवानो ने नेपाल सीमा से सटे जमुनहा, ककरदारी, तुरसमा, गुज्जर गौरी, भरथा, सोनपथरी, गंभीरवा, सुईया आदि गांव का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का अहसास भी दिलाया।