श्रावस्ती। जिले की तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान जमुनहा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम व एसपी ने की। यहां पर फरियादी ने वरासत नहीं किए जाने की शिकायत की तो डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसकी पुनरावृत्ति होने पर संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
जमुनहा में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करने आए डीएम ओपी आर्य ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण कागज पर नहीं धरातल पर दिखना चाहिए। अधिकारी व कर्मचारी की ओर से शिकायत निस्तारण में फर्जीवाड़ा किया गया तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने थानाध्यक्षों को फरियादियों की समस्याओं गंभीरता से सुनकर उनका निराकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा उनका गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निपटारा करने को कहा।
इसमें लापरवाही बरतने की शिकायत मिलने पर समंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस मौके पर जमुनहा में कुल 40 शिकायतें आई। इनमें से तीन शिकायतों का निपटारा किया गया।
वहीं इकौना में एडीएम योगानंद पांडेय व एएसपी बीसी दुबे के नेतृत्व में 123 के सापेक्ष 14 शिकायतों का निपटारा किया गया। भिनगा में एसडीएम चंद्र मोहन गर्ग व सीओ डॉ. जंग बहादुर यादव के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में 89 के सापेक्ष 04 शिकायतों का निपटारा किया गया।