श्रावस्ती। स्वास्थ्य सेवाओं से खिलवाड़ करने वाले पैरामेडिकल अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। क्योंकि सरकार नवजात व महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति गंभीर है। यह बातें सोमवार की शाम कैंप कार्यालय सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने कहीं। वहीं समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही मिलने पर डीएम ने दो बीसीपीएम को सेवा समाप्ति का नोटिस देने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान डीएम ओपी आर्य ने कहा कि बच्चों व गर्भवती को स्वस्थ रखने के लिए उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ ही पुष्टाहार भी दिया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही कदापि न बरती जाए, अन्यथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि वह अपने क्षेत्र के वीएचएनडी केंद्रों से अतिकुपोषित बच्चों को जिला अस्पताल में स्थापित एनआरसी भेजे। साथ ही महिलाओं का बराबर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। यदि किसी भी वीएचएनडी सेंटर से कोई शिकायत मिली तो संबंधित चिकित्साधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
टीकाकरण में लगे चिकित्सक व पैरा मेडिकल कर्मी अपना नैतिक दायित्व समझते हुए शतप्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहाकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए। गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशन, वजन, सुगर, प्रोटीन सहित अन्य सभी जांच कराई जाए।
समीक्षा के दौरान पता चला कि गिलौला व इकौना में संस्थागत प्रसव कम हो रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने संस्थागत प्रसव के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। सिरसिया के बीसीपीएम विनोद श्रीवास्तव व जमुनहा की बीसीपीएम रिजवाना द्वारा अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने पर दोनों को नोटिस देकर उनकी सेवा समाप्त करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया।
साथ ही सीएमओ से बेसिक शिक्षा, आईसीडीएस, पंचायत विभाग व स्वयं सेवी संगठनों सहित ग्राम प्रधानों से सामंजस्य बनाकर सभी नवजात व गर्भवती सहित मरीजों का टीकाकरण व उन्हें बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया। बैठक में एसडीएम भिनगा चन्द्र मोहन गर्ग, सीएमओ डॉ. वीके सिंह, एसीएमओ डॉ. मुकेश मातन हेलिया, डॉ. उदय नाथ सहित सभी सीएचसी व पीएचसी प्रभारी मौजूद रहे।