मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना विशेश्वरगंज मार्ग स्थित भवानीपुर बनकट में शिव मंदिर के सामने बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में जहां एक बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक पर सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बलरामपुर जिले के ग्राम हंसुवाडोल निवासी रामकरन उर्फ राम कन्ने चौहान (32) पुत्र बुधराम चौहान बहराइच के विशेश्वरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोसाई पुरवा के मजरा भवानीपुर बनकट ससुराल गए थे। वहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर बुधवार सुबह बाइक से कहीं निकले थे। वहीं सामने से बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहारन पुरवा बसनेरा निवासी कल्पराम विश्वकर्मा (42) अपनी ससुराल वीरपुर के छब्बा पुरवा से भंडारा खाकर वापस लौट रहे थे। इन दोनों बाइकों की भवानीपुर बनकट स्थित शिव मंदिर के निकट आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना लाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामकरन को मृत घोषित कर दिया। वहीं कल्पराम का इलाज चल रहा है। चिकित्सक की सूचना पर पहुंचे इकौना कस्बा प्रभारी विशाल यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं मौत की सूचना के बाद पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।