सिरसिया (श्रावस्ती)। भिनगा-सिरसिया मार्ग स्थित जनकपुर पॉलिटेक्निक पुल के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें मोटर साइकिल सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल लाया गया। जहां एक की मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायलों को भिनगा रेफर किया गया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के सोहेलवा निवासी गुल्ले (20) बाइक से सिरसिया की ओर आ रहा था। इस दौरान बाइक पर उसके साथ बलरामपुर के थाना हरैया अंतर्गत ग्राम मणिपुर निवासी जाकिर (32) भी था। वहीं सामने से मोटरसाइकिल लेकर थाना क्षेत्र के चिल्हरिया निवासी अरुण कुमार वर्मा (32) गांव के ही रामू (32) व रियाज उर्फ सैंपल (20) के साथ आ रहे थे। जैसे ही गुल्ले मोटर साइकिल लेकर भिनगा-सिरसिया मार्ग स्थित भैंसाही नाला पुल पहुंचा। तभी सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। जिसमें पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गुल्ले को मृत घोषित कर दिया। वहीं शेष घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है।