श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना को लेकर जिले में अब राहत है। विगत एक सप्ताह से जिले में कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला। जबकि ठीक होने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार आई रिपोर्ट के बाद जिले में मात्र एक युवक ही कोरोना संक्रमित शेष बचा है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम चुकी है। बुधवार को आई रिपोर्ट में किसी भी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। वहीं सिरसिया के टंगपसरी निवासी एक युवक कोरोना से स्वस्थ होकर अपने घर गया। जिसे एहतियात बरतने का निर्देश देकर घर भेजा गया है। जिले में अब तक 223614 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 222877 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। जिसमें से 1358 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 18 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत भी हो चुकी है। जिले मे मौजूदा समय में कुल एक एक्टिव केस है। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। लोगों को चाहिए कि कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करें।