दुर्घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।- संवाद
श्रावस्ती। भिनगा कस्बे में तहसील गेट के सामने शनिवार को पीछे से आ रहे ट्रक से बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भिनगा कस्बे के मोहल्ला बारी निवासी सईद अहमद (55) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को वह मोहल्ले के ही सत्य कुमार (56) के साथ बाइक से दहाना की ओर काम करने जा रहे थे। भिनगा-सिरसिया मार्ग पर तहसील गेट के सामने पीछे से आ रहे ट्रक से टक्कर लग गई।
इससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग जब तक घायलों को अस्पताल पहुंचा पाते, तब तक सईद की मौत हो गई। बाइक चला रहे सत्य कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। भिनगा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल सत्य कुमार को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने सत्य कुमार को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सईद व सत्य कुमार ने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने ट्रक व बाइक को कब्जे में ले लिया है। सईद के भाई मुंशरीफ ने बताया कि भाई के परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी अब उन्हीं के कंधों पर आ गई है।