बच्चे की मौत होने के बाद अस्पताल में मौजूद परिजन व ग्रामीण।
- फोटो : बच्चे की मौत होने के बाद अस्पताल में मौजूद परिजन व ग्रामीण।
तुलसीपुर। बहराइच जिले के भक्तापुर गांव निवासी सैफुल्ला (3) की बृहस्पतिवार देर रात एंबुलेंस से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सैफुल्ला अपने पिता मुनीम अहमद के साथ बृहस्पतिवार को मल्हीपुर क्षेत्र के वीरगंज बाजार निवासी फूफा मेराज अहमद के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। समारोह का आयोजन वीरगंज से सीएचसी जाने वाले मार्ग के किनारे था। सभी लोग शादी में व्यस्त थे। इसी बीच सैफुल्ला खेलते-खेलते अचानक सड़क पर पहुंच गया और रास्ते से गुजर रही 102 नंबर की एंबुलेंस की चपेट में आ गया। परिजनों ने उसे सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैफुल्ला की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और चीख-पुकार मच गई।