संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीजों से बात करतीं राज्य महिला आयोग की सदस्य ।
श्रावस्ती। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या ने भिनगा के दो दिवसीय भ्रमण के दौरान जनसुनवाई का आयोजन कर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सुना। निर्देश दिया कि सभी अधिकारी महिलाओं की फरियाद को गंभीरता से सुनने के साथ उसे प्राथमिकता पर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारित कराए। बृहस्पतिवार को उन्होंने जिला चिकित्सालय, वन स्टॉप सेंटर आदि का निरीक्षण भी किया।
जिला चिकित्सालय पहुंची आयोग की सदस्य ने भर्ती महिलाओं से उनका हाल पूछने के साथ ही इलाज के दौरान मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के बारे में जाना। इसके बाद उन्होंने ओपीडी कक्ष, एसएनसीयू, प्रसव कक्ष आदि की व्यवस्था को भी परखते हुए परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने का निर्देश दिया। वन स्टॉप सेंटर पहुंची सदस्य ने आवासित किशोरियों से पूछताछ के बाद महिला थाने में पहुंचकर महिला फरियादियों से भी बातचीत की। इसके बाद उन्होंने पटना खरगौरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी घनश्याम चौरसिया ने आयोग की सदस्य से लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में मुलाकात की। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, सीएमएस डॉ. डीके सिंह, डीपीओ पीके दास सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।