श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से संबंधित अधिकारियों के साथ डीएम ने बैठक की। जिसमें उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया। जिससे पंचायत चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, एवं व्यवस्थापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में डीएम टीके शिबु ने कहा कि मतदान, मतगणना कार्मिकों की उपलब्धता, आवश्यकता एवं पोलिंग पार्टी के गठन, यातायात व्यवस्था के लिए वाहनों की उपलब्धता, आवश्यकता का आकलन अभी से कर लिया जाए। साथ ही मतपेटिकाओं की उपलब्धता एवं आवश्यकता तथा तैयार कराई गई मतपेटिकाओं के संबंध में रूट चार्ट की तैयारी, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का पुन: निरीक्षण कर लें।
मतदान केंद्र स्थल परिवर्तन, संशोधन एवं अपमार्जन के संबंध में विकास खंडों में आरओ, एआरओ के बैठने की समुचित व्यवस्था एवं निर्वाचन सामग्री भंडारण के संबंध में व चिह्नित मतगणना केंद्रो में स्ट्रांग रूम बनाने की समुचित सुरक्षा के दृष्टिकोण से व्यवस्था तत्काल पूरी करें। पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान एवं वापसी के स्थान के संबंध में, मतदान पार्टियों के लिए निर्वाचन सामग्री किट की तैयारी, मतदान सूची की उपलब्धता एवं विकासखंड स्तर से बिक्री कराए जाने के संबंध में एवं छूटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में बढ़ाए व घटाए जाने के संबंध में डीएम ने गहन समीक्षा की। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह सौंपे गए दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थापूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आवंटित मतपत्र, लिफाफे, 54 प्रकार के प्रपत्र, कपड़े के थैले आदि की जो राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त हो गया है उसे सुरक्षित ढंग से रखवाकर आवश्यकता पड़ने के दौरान पोलिंग पार्टी को मुहैया कराएं। बैठक में एसपी अरविंद कुमार मौर्य, एडीएम योगानन्द पांडे, एसडीएम प्रवेन्द्र कुमार, आरपी चौधरी, जेपी चौहान, डीडीओ वीके तिवारी, तहसीलदार राज कुमार पांडे, नरायण सिंह, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, डीपीआरओ किरन, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नरेन्द्र कुमार कुशवाहा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी व प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व सभी बीडीओ व एडीओ पंचायत मौजूद रहे।