श्रावस्ती। लॉक डाउन के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारु ढंग से संचालन के लिए डीएम ने शुक्रवार को अधिकारियों को नामित किया है। सभी को पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ कर्तव्य पालन का निर्देश दिया है।
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने बताया कि कोरोना वैश्विक महामारी को देखते हुए देश में तीन मई तक संपूर्ण लॉक डाउन है। इस दौरान विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं के लिए समितियों का गठन किया गया है। इसके लिए अधिकारियों को नामित किया गया है। इसी के क्रम में टेस्टिंग कांटेक्ट ट्रैकिंग सहित कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को अध्यक्ष तथा अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा को सदस्य नामित किया गया है।
आवश्यक उपकरणों व दवाओं की व्यवस्था के लिए अपर जिलाधिकारी को अध्यक्ष, मुख्य चिकित्साधिकारी, औषधि निरीक्षक को सदस्य नामित किया गया है। इसके साथ ही राशन, फल, सब्जी आदि की उपलब्धता तथा आपूर्ति के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को अध्यक्ष, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, संबंधित तहसीलों के तहसीलदार को सदस्य नामित किया गया है।
आवश्यक निर्माण इकाईयों जैसे दाल, आटा मिल, मास्क निर्माण इकाइयों के समन्वय के लिए उपायुक्त स्वत: रोजगार को अध्यक्ष, उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र, परियोजना अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। साफ सफाई व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी भिनगा व इकौना को सदस्य बनाया गया है। सभी व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं।
प्राइवेट चिकित्सालयों में आपातकालीन चिकित्सा प्रारंभ करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीएमओ को नामित किया गया है। जबकि दूध व पशुओं के लिए चारा भूसा बैंक के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।