श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति दिशा की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सांसद ने की। इस दौरान सांसद ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य कर जिले का चहुंमुखी विकास करने की सलाह दी। वहीं अनुपस्थित पुरातत्व विभाग के अधिकारी के विरुद्ध उच्च अधिकारियों को पत्र लिखने को कहा।
बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्रवाई की जानकारी दी गई। मनरेगा योजना की समीक्षा के दौरान पता चला कि चालू वर्ष में 22 लाख 46 हजार मानव दिवस सृजन करने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 14 लाख 60 हजार मानव दिवसों का सृजन कर 34755 परिवारों को मांग के सापेक्ष रोजगार उपलब्ध कराया गया। इसकी मजदूरी का भुगतान श्रमिकों के खाते में भेजा जा चुका है।
जिले में 4843 के सापेक्ष 3951 कार्य पूर्ण कर लिए गए है। दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना मिशन के तहत जिले में 1480 स्वयं सहायता समूह का गठन किया जाना था। इनमें से 992 समूहों का गठन किया जा चुका है। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना की समीक्षा में 345 के लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 52 ही पूरे मिले। इस पर कौशल विकास मिशन के प्रबंधक को लक्ष्य पूरा करने को कहा।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग मरम्मत पर कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में भिनगा नगर पालिका में मार्च 2020 तक 1752 आवासों को पूर्ण कराने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 888 आवास पूर्ण हुए है। वहीं इकौना में 347 के सापेक्ष 227 आवासों को पूरा कराया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 1074 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष सभी लाभार्थियों को प्रथम किस्त, 1024 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त, 574 लाभार्थियों को तृतीय किस्त जारी कर 372 आवासों को पूर्ण कराया जा चुका है। खतौनी का कंप्यूटरीकरण की समीक्षा के दौरान जिले के 536 राजस्व ग्रामों में से 531 राजस्व ग्रामों में काम पूरा मिला। पांच ग्राम चकबंदी की प्रक्रिया में मिले। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना की समीक्षा में 1338 मजरों में से अभी तक 1250 मजरे ही संतृप्त मिले।
पर्यटक सुविधा की समीक्षा के दौरान पुरातत्व विभाग का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इस पर सांसद ने विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने का निर्देश दिया। उन्होंने फसल बीमा, आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, परिवार नियोजन, अंधता निवारण, सर्व शिक्षा अभियान, उज्ज्वला योजना सहित नेटवर्क समस्या पर भी चर्चा की गई। बैठक में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय, भिनगा विधायक मोहम्म्द असलम राईनी, डीएम यशु रुस्तगी, सीडीओ अवनीश राय सहित अन्य अधिकारी व जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।