श्रावस्ती। संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए एक अक्तूबर से जिले में विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह बातें सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम टीके शिबु ने कहीं।
अधिकारियों से अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए मार्च व जुलाई में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा चुका है। उसी प्रकार से अब जिले में तृतीय चरण का अभियान चलाया जाना है।
यह पूरे जिले में एक से 31 अक्तूबर 2020 तक चलेगा। इस दौरान चलने वाली गतिविधियों के लिए नए सिरे से कार्ययोजना बनाई जाए। साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जल भराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाए। अभियान में कुछ महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। इसके तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण के दौरान बुखार पीड़ितों के साथ खांसी तथा सांस लेेने में दिक्कत जैसे लक्षण के रोगियों के विषय में भी जानकारी प्राप्त करेंगी।
ऐसे रोगियों की सूचना प्राप्त होने पर उनको निर्धारित प्रपत्र पर सूचीबद्ध कर सूचना उपलब्ध करानी होगी। कोविड-19 रोग के संक्रमण केे दृष्टिगत विशेष सावधानियां अपनाते हुए तथा सोशल डिस्टेंसिंग के प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए समस्त गतिविधियों को किया जाना है। अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम विकास, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अभी से अपने विभाग की कार्ययोजना बना लें।
अधिकारी अपने-अपने अधीनस्थ व फील्ड स्टाफ केे साथ बैठक कर विस्तार से समझा दें, ताकि कार्यक्रम में कही भी गलती की गुंजाइश न रहें। इस दौरान इस बात का भी ध्यान रखना होगा की चिकित्सालय परिसर एवं उसके आसपास आवासीय भवनों में जलभराव की स्थिति न होने पाए।
चिकित्सालयों में फीवर हेल्प डेस्क स्थापित कराकर उस पर तैनात कर्मी को निर्देशित करें कि वह बुखार से पीड़ित रोगियों को सहायता उपलब्ध कराते हुए रोगी और उनके तीमारदारों को बचाव एवं नियंत्रण तथा स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दे। सभी चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता बनाए रखी जाए।
नगर पालिका /नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सभी गली मोहल्लों में साफ-सफाई एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ठीक कराएं। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाकर फॉगिंग कराएं। बैठक में सीडीओ कुमार हर्ष, सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया, डॉ. उदयनाथ, डीपीआरओ किरन, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह सहित सभी एमओआईसी व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।