श्रावस्ती। तराई में कोहरे का प्रकोप शुरू हो चुका है। इसके साथ ही आगामी दिनों में धुंध बढ़ेगी। ऐसे में जरूरी है कि लोग यातायात नियमों व संकेतों की जानकारी रख उसका कड़ाई से अनुपालन करें। जिससे मार्ग दुर्घटनाओं को रोका जा सके। यह बातें बुधवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय भिनगा में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने व लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार वाहन को रवाना करने से पूर्व श्रावस्ती विधायक ने कहीं।
इस दौरान श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि वाहन चालकों को चाहिए कि वह निर्धारित गति से तेज वाहन कदापि न चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें। हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारी कदापि न बैठाएं। वाहनों की ब्रेक, हेड व बैक लाइट की समय समय पर जांच कराते रहें।
सर्दी के मौसम में वाहनों पर रिफलेक्टर व फाग लाइट जरूर लगवाएं, जिससे दुर्घटना की संभावना कम हो सके। इस दौरान विधायक ने लोगों को यातायात नियमों व संकेतों की जानकारी देने के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।
वहीं बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, वाहन चालकों व लोगों में यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी थाना व चौकी प्रभारी सहित प्रभारी यातायात उप निरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने क्षेत्र भ्रमण कर वाहन चालकों को यातायात नियमों व संकेतों के बारे में बताया। इसके साथ ही लोगों से नियमों का अनुपालन करने एवं कोविड-19 को देखते हुए मास्क लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवर स्पीड व लापरवाही पूर्वक वाहन न चलाने की अपील की।
83 वाहनों का हुआ चालान
श्रावस्ती। जिला पुलिस की ओर से बुधवार को विभिन्न बैरियर व चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पुलिस ने 169 वाहनों की जांच की। पुलिस ने 83 वाहनों का ई चालान कर 122000 रुपये शमन शुल्क भी वसूल किया।