श्रावस्ती। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में इलाज के लिए पहुंचे मरीजों में बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा रोग, पेट दर्द और श्वास संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक रही। अन्य बीमारियों के मरीजों ने भी उपचार कराया।
हालांकि, कुछ स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ रही तो कहीं इक्का-दुक्का मरीज ही पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दीं। साथ ही बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव के लिए संतुलित खानपान, ठंड से बचाव और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी।
.....................
सेमरी तरहर और तिलकपुर में 43 मरीज पहुंचे
वीरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरी तरहर में डॉ. शकील के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 32 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के चार, खांसी के तीन, त्वचा रोग के नौ और अन्य बीमारियों से पीड़ित 16 मरीज शामिल रहे। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिलकपुर में डॉ. इंद्रपाल के नेतृत्व में आयोजित मेले में 11 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें बुखार के पांच, शारीरिक दर्द के तीन और त्वचा रोग के तीन मरीज शामिल रहे।
.....................
बुखार के 16 मरीज पहुंचे
गिरंट बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदत्त नगर गिरंट में डॉ. सालिम मसूद की अध्यक्षता में जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। इसमें कुल 55 मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के 16, त्वचा रोग के पांच, शारीरिक दर्द के तीन, सर्दी-जुकाम के आठ और पेट दर्द के 12 मरीज शामिल रहे। अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने भी उपचार कराया। इस मौके पर फार्मासिस्ट राजू खान, एलटी अरुण कुमार, एएनएम सरिता शर्मा, अल्पना सहित अन्य मौजूद रहे।
.....................
टिटिहिरिया व पड़वालिया पीएचसी में 191 मरीज पहुंचे
सिरसिया प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिटिहिरिया में डॉ. अवनेंद्र कुमार पाठक के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें 108 मरीज पहुंचे। इनमें मधुमेह के 12, श्वास रोग के 18, उदर रोग के 15, त्वचा रोग के 14, सर्दी-जुकाम के आठ और कान व आंखों में दर्द से पीड़ित 42 मरीज शामिल रहे। वहीं, पड़वालिया पीएचसी में डॉ. मुजाहिद रजा की अध्यक्षता में आयोजित मेले में 83 मरीज पहुंचे। इनमें त्वचा रोग के 15, डायरिया के 12, मधुमेह के सात, उच्च रक्तचाप के छह और सात गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। इसके अलावा सर्दी-जुकाम व बुखार के मरीज भी पहुंचे।
.....................
मात्र पांच मरीज पहुंचे
कटरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. अदिति पटवा के नेतृत्व में जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें मात्र पांच मरीज पहुंचे। इनमें बुखार के तीन और सर्दी-जुकाम के दो मरीज शामिल रहे। चिकित्सक ने मरीजों को संतुलित खानपान रखने, बुजुर्गों और बच्चों को ठंड में बाहर निकलने से बचाने तथा बाइक से यात्रा करते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी।