श्रावस्ती। महिलाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में एनआरएलएम की ओर से सूक्ष्म उद्यम सखी योजना के तहत उद्यम सखियों का चयन कर महिलाओं को उद्यमी बनाया जाएगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से महिला समूहों का गठन कर महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही महिलाओं को स्वावलंबी बनने के लिए उन्हें प्रेरित किया जा रहा है। वहीं समूह की महिलाओं को और अधिक क्रियाशील बनाने व उद्यम स्थापना में उनकी मदद के लिए सूक्ष्म उद्यम सखी योजना लागू की गई है। इसके तहत जिले में 80 उद्यम सखियों का चयन किया जाएगा। यह उद्यम सखियां महिलाओं को लखपती दीदी बनने में भी सहयोग करेंगी। यह जानकारी देते हुए जिला मिशन प्रबंधक एमआईएस अखिलेश कुमार ने बताया कि उद्यम सखी चयन के लिए 31 मई तक आवेदन मांगे गए हैं। इसमें समूह से जुड़ी इंटरमीडिएट पास महिला सदस्य आवेदन कर सकती हैंं।