गिलौला। गौरी शंकर टंडन नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला में शुक्रवार को जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर वर्ग में 14 व सीनियर वर्ग में सात विद्यालयों के छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनी में विजेता छात्रों को मंडलीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान में रुचि पैदा करने व उसकी बारीकियों को समझाने के उद्देश्य से यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है।
जूनियर वर्ग में नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला के निखिल कुमार ने वैकल्पिक ऊर्जा का मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी तरह अंकित कुमार को मानव मस्तिष्क का मॉडल बनाने पर दूसरा स्थान तथा नीलम राजकीय इंटर कॉलेज की अंजू मिश्रा को स्मार्ट चिमनी बनाने पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में सीनियर वर्ग में नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला की अनुष्का जायसवाल को प्रदूषण नियंत्रण का मॉडल प्रस्तुत करने पर पहला, जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना की कुसुम लता को सौर ऊर्जा का मॉडल प्रस्तुत करने पर दूसरा व अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा के रमेश कुमार को हेलमेट सेफ्टी मॉडल बनाने पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
निर्णायक मंडल में डायट प्रवक्ता गिरीश चंद मिश्रा, महामाया राजकीय इंटर कॉलेज इकौना की प्रधानाचार्या पारुल, राजकीय इंटर कॉलेज गब्बापुर के संजीत वर्मा व नीलम राजकीय इंटर कॉलेज गिलौला की प्रधानाचार्या जया पांडेय शामिल रहीं।
इस मौके पर नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रदीप श्रीवास्तव, ओम प्रकाश पांडेय, अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ज्योति प्रकाश पांडेय, राम बिहारी वाजपेयी, पवन बौद्ध, डॉ. विंध्यवासिनी श्रीवास्तव व संदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।