नवागंतुक पुलिस अधीक्षक को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत करते एएसपी, सीओ सिटी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। थानों पर शिकायत लेकर आने वाला कोई भी पीड़ित असंतुष्ट होकर न लौटे। फरियादी को थाने का चक्कर लगवाने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई होगी। यह बातें शनिवार को जिले में कार्यभार ग्रहण करते हुए नवागत एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहीं। वर्ष 2014 बैच के आईपीएस इससे पूर्व अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम के पद पर तैनात थे। वहीं जिले से स्थानांतरित हुए एसपी आशीष श्रीवास्तव भी शनिवार को नए तैनाती स्थल सोनभद्र के लिए रवाना हो गए।
कार्यभार ग्रहण करते हुए नवागंतुक एसपी अनूप कुमार सिंह ने जिले में सजग कानून व्यवस्था, मित्र पुलिस व जवाबदेह पुलिस प्रशासन की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका नजरिया स्पष्ट है कि जो जिस पद पर तैनात है उसकी जवाब देही उसके लिए है। इसलिए थानों पर तैनात प्रभारी का यह कर्तव्य है कि वहां आने वाला कोई भी पीड़ित असंतुष्ट होकर न लौटे।
यदि पीड़ित थाने का चक्कर लगाता है तो यह समझा जाएगा कि वहां कार्यरत पुलिस कर्मियों का कार्य व्यवहार व क्षमता दोनों ही मित्र पुलिस की अवधारणा से हट कर है। इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसलिए जो जहां है वह अपनी भूमिका की समीक्षा स्वयं कर लें।
वहीं नवागंतुक पुलिस अधीक्षक का अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, सीओ सिटी जेबी सिंह, सीओ जमुनहा हौसला प्रसाद सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।