एसडीएम इकौना को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता
- फोटो : SRAWASTI
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना में नवनिर्मित ग्राम न्यायालय में न्यायाधीश की नियुक्ति करने की मांग व प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील अधिवक्ता संघ इकौना के अध्यक्ष के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम इकौना को सौंपा।
उप जिलाधिकारी इकौना राजेश मिश्रा को सौंपे ज्ञापन में तहसील अधिवक्ता संघ इकौना के अध्यक्ष बुद्धिसागर मिश्रा व महामंत्री राधेश्याम वर्मा ने कहा है कि इकौना में ग्राम न्यायालय स्थापना को कई वर्ष बीत चुके हैं।
यहां ग्राम न्यायालय संचालन के लिए भवन भी तैयार है। इसके बावजूद न्यायिक अधिकारी की नियुक्ति न होने से इसका संचालन नहीं हो सका है। ऐसे में तत्काल इकौना ग्राम न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने कहा है कि पूरे प्रदेश में आये दिन अधिवक्ताओं की हत्या व उन पर जानलेवा हमले हो रहे हैं।
प्रयागराज में अधिवक्ता इदरीश के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। साथ ही अन्य अधिवक्ताओं के हमलावरों पर कठोर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए। इस दौरान श्रवण कुमार दूबे, रामकुमार शुक्ला, पाटेश्वरी प्रसाद मिश्रा, विजय कुमार श्रीवास्तव, महेंद्र पटेल, विजय पांडे, सुशील कुमार शुक्ला, सुधीर कुमार शुक्ला, शिवराम आर्य सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।