श्रावस्ती। परिषदीय विद्यालयों में नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। किताबें न पहुंचने से विद्यार्थी अब तक खाली हाथ हैं। उनको पुरानी पुस्तकों से ही काम चलाना पड़ रहा है।
शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यालयों में शिक्षण कार्य शुरू हो गया है। किंतु शिक्षा सत्र के तीन दिन बीतने के बाद भी विद्यार्थियों तक किताबें नहीं पहुंची हैं। ऐसे में विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के बैग में या तो पुरानी किताबें होती हैं या फिर एमडीएम खाने के लिए थाली व कटोरा। डीसी सामुदायिक सहभागिता प्रणव त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा चार से आठ तक के लिए 9,84,880 किताबें पहुंच चुकी हैं। इनमें हिंदी मीडियम की कक्षा चार की 2,09,575, कक्षा पांच की 2,00,797, कक्षा छह की 1,98,361, कक्षा सात की 1,84,297, कक्षा आठ की 1,61,156 किताबें व उर्दू मीडियम की 2,926 और अंग्रेजी मीडियम की 27,768 किताबें शामिल हैं। वहीं कक्षा एक से तीन तक की किताबों की खरीद के लिए शासन से निर्देश मिला है जल्द उनको खरीदा जाएगा।
जिले पर उपलब्ध किताबों को 10 अप्रैल तक सभी न्याय पंचायतों में पहुंचा दिया जाएगा। न्याय पंचायतों से सभी विद्यालयों में किताबों का वितरण किया जाएगा। जल्दी ही कक्षा एक से तीन तक की किताबों को भी खरीद कर बांटा जाएगा।
- अजय कुमार, बीएसए